पीएम ने सभी मुद्दे सुलझाए पर 69000 शिक्षक भर्ती का हल नहीं हुआ, अनुप्रिया ने राज्य सरकार पर उठाए सवाल*
अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 69 हजार शिक्षकों की भर्ती का मुद्दा न सुलझने के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सामने हमने पिछड़ों-दलितों से जुड़े जो भी मुद्दे उठाए उनमें सभी के समाधान हो गए, लेकिन शिक्षक भर्ती का समाधान नहीं हुआ है। कहा, पिछड़ों-दलितों के मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठूंगी। सड़क से संसद तक यह मुद्दा उठाती रहूंगी। वे मंगलवार को पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में हुए कार्यक्रम में बोल रही थीं। जन स्वाभिमान दिवस के तौर पर हुए जयंती समारोह में उन्होंने कहा कि हमारे अनुरोध पर ही पीएम ने पिछड़ा वर्ग आयोग को सांविधानिक दर्जा दिया और विश्वविद्यालयों में 200 पॉइंट रोस्टर को बहाल किया। सैनिक, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों में पिछड़ों के बच्चों के लिए आरक्षण लागू किया। अब सिर्फ शिक्षक भर्ती का ही मुद्दा रह गया जिसका समाधान नहीं करा पाई हूं।






