जल्द सस्ता हो सकता है स्वास्थ्य बीमा

जल्द सस्ता हो सकता है स्वास्थ्य बीमा*
जीएसटी काउंसिल की शनिवार की बैठक में जीएसटी पोर्टल पर नए पंजीयन के लिए आधार के बायोमीट्रिक तरीके से सत्यापन को अनिवार्य बनाया जा सकता है। साथ ही हेल्थ इंश्योरेंस के प्रीमियम पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को कम करके पांच प्रतिशत किया जा सकता है। हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों की यह पुरानी मांग रही है और इससे हेल्थ इंश्योरेंस खरीदना सस्ता हो जाएगा। जीएसटी काउंसिल की गत बैठक पिछले साल अक्टूबर में हुई थी। सूत्रों के मुताबिक गत तीन चार बैठक के दौरान लंबित कई मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा होगी। जीएसटी की दरों को तर्कसंगत बनाने पर भी विचार किया जा सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, आधार के बायोमीट्रिक सत्यापन से पंजीयन होने पर जीएसटी के नाम पर फर्जीवाड़ा करना आसान नहीं होगा। जीएसटी प्रक्रिया लागू होने के बाद फर्जीवाड़े की नीयत से बिना किसी कारोबार के बड़ी संख्या में फर्जी कंपनियों के पंजीयन हो गए थे। फिजिकल जांच पर सैकड़ों पंजीयन फर्जी पाए गए। हालांकि वर्तमान में भी जीएसटी पंजीयन के लिए अपना आधार नंबर देना पड़ता है, लेकिन अभी बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं किया जाता है। बैठक में इन्वर्टेड ड्यूटी को तर्कसंगत बनाने के लिए कई वस्तुओं पर जीएसटी दरें बढ़ाई भी जा सकती हैं। पिछले साल कई राज्यों में चुनाव और उसके बाद लोक सभा चुनाव को देखते हुए कई वस्तुओं की जीएसटी दरों में चाहते हुए भी काउंसिल की बैठक में बदलाव नहीं किया गया। आनलाइन गेमिंग पर कर कम करने की गुजारिश आनलाइन गेमिंग कंपनियों ने भी काउंसिल से आनलाइन गेमिंग पर लगने वाली 28 प्रतिशत की दर को कम करने की गुजारिश की है। कंपनियों का कहना है कि पिछले साल अक्टूबर में 28 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगने के बाद उनकी लागत बढ़ गई है।

1608 views