तीसरी बार पीएम बनने के बाद पहली बार काशी आ रहे मोदी, किसानों को जारी करेंगे सम्मान निधि की 17वीं किस्त*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी संसदीय सीट से तीसरी बार सांसद बनने व प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मंगलवार को पहली बार काशी आ रहे हैं। उनके स्वागत में नगर भगवा झंडों से सज गया है। जगह-जगह ढोल नगाड़े, डमरू दल व शंखनाद से भव्य स्वागत की तैयारी है। इस दौरान पीएम किसान सम्मान योजना के 9.26 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के खाते में 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि 17वीं किस्त के रूप में जारी करेंगे।इसमें वाराणसी के दो लाख 74 हजार 615 किसान भी लाभान्वित होंगे। इसके साथ पीएम कृषि सखी के रूप में मान्यता प्राप्त 30,000 से अधिक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को भी प्रमाण पत्र जारी करेंगे। इसमें वाराणसी की 212 कृषि सखी शामिल रहेंगी। पीएम मंच से सांकेतिक के रूप में पांच कृषि सखियों को प्रमाण पत्र देंगे। इसमें वाराणसी की एक, मीरजापुर की एक व तीन अन्य प्रदेशों की कृषि सखी शामिल की गई हैं।






