जितनी सीट भाजपा ने अकेले जीती, उतनी पूरा विपक्ष मिलकर नहीं जीत सका’, नतीजों के बाद बोले पीएम*
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे बड़े चुनाव में जनता ने एक बार फिर चौंका दिया। लोकसभा चुनाव में आए जनादेश ने सारे अनुमानों को ध्वस्त कर दिया। भाजपा बहुमत का आंकड़ा तक नहीं छू पा रही है। दो बार अपने दम पर सरकार बनाने वाली भाजपा इस बार गठबंधन की मदद से सरकार बना पाएगी। मतगणना के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे यहां उन्होंने अपना संबोधन जय जगन्नाथ के नाम से शुरू किया। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन के हम सभी ऋणी हैं। जनता ने भाजपा पर एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की यह विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। यह भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ, सबका विकास की जीत है। यह इस मंत्र की जीत है। यह 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।उन्होंने आगे कहा कि मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करुंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता के साथ संपन्न कराया है। इस चुनाव में करीब 100 करोड़ मतदाता, 11 लाख पोलिंग स्टेशन, 55 लाख वोटिंग मशीन, 1.5 करोड़ मतदान कर्मियों ने साथ काम किया। भारत की चुनाव प्रक्रिया, चुनाव के पूरे सिस्टम पर हर भारतीय को गर्व है। ये अपने आप में बहुत बड़ा गौरव का विषय है।






