फूलपुर में बिना भाषण दिए लौटे राहुल-अखिलेश*
फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी व अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा के दौरान उन्हें सुनने आई भीड़ बेकाबू हो गई। मंच तक पहुंचने के लिए समर्थकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। फूलपुर के पड़िला में तो जनसभा इस कदर अव्यस्था की भेंट चढ़ी कि दोनों नेताओं को बिना संबोधन के ही लौटना पड़ा। यहां अफरातफरी में माइक का तार ही टूट गया। इलाहाबाद के करछना की सभा में समर्थकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। हालांकि, यहां दोनों नेताओं ने सभा को संबोधित किया। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुटकी ली। फूलपुर में रविवार को करीब दोपहर डेढ़ बजे दोनों नेता अलग-अलग हेलीकाप्टर से पहुंचे थे। दोनों के मंच पर पहुंचते ही समर्थक बेकाबू हो गए। सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। मंच की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की की, कुछ को मामूली चोट भी आई। पुलिस ने लाठी फटकारी, लेकिन अति उत्साही समर्थकों ने एक न सुनी। मंच के करीब पहुंचकर नेताओं के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। कई लोग मंच पर चढ़ गए। पहले अखिलेश और फिर राहुल ने समर्थकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों की धक्का-मुक्की में माइक और बिजली के तार टूट गए। नहीं मानने और अव्यवस्था से खिन्न नेताद्वय मंच पर ही बैठकर आपस में बात किए और फिर बिना भाषण दिए चले गए।






