परिवार के खिलाफ चुनाव प्रचार में नहीं उतरेंगे राहुल-प्रियंका*
सुलतानपुर लोकसभा सीट से वरुण गांधी सांसद निर्वाचित हुए थे। वर्तमान में उनकी मां मेनका गांधी सांसद हैं। पार्टी ने एक बार फिर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। अब जबकि धीरे-धीरे चुनाव मतदान की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में अब तक किसी बड़े नेता का चुनावी कार्यक्रम नहीं हो सका। मेनका गांधी संगठन, कार्यकर्ताओं और खुद के बूते चुनाव मैदान में डटी हैं। इस बार चुनाव मैदान से बाहर वरुण गांधी भी यहां नहीं आए। हालांकि, अब यह पता चला है कि प्रचार के अंतिम दिन वह मां के चुनावी अभियान को धार देने आ सकते हैं। इसको लेकर भीतरखाने तैयारी चल रही है। वहीं, पड़ोस के जिलों में सक्रिय राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा गठबंधन में शामिल होने के बावजूद जिले से दूरी बनाए हुए हैं। यह क्षेत्र अमेठी से लगा है। वहां भाजपा से वर्तमान सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी लड़ रही हैं जबकि उनके मुकाबले पहली बार गांधी परिवार का कोई सदस्य नहीं है। हालांकि, उस परिवार के करीबी केएल शर्मा ताल ठोंक रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जहां गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं की सभा हो चुकी है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा व सपा मुखिया अखिलेश यादव भी चुनावी सभा व रोड शो कर चुके हैं। इससे अधिक चुनावी ताप रायबरेली का रहा, जहां सत्ता पक्ष व विपक्ष के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहा। वहीं, सुलतानपुर में अब तक सपा मुखिया अखिलेश यादव को छोड़कर किसी बड़े नेता का कार्यक्रम नहीं हो सका। हालांकि, 22 मई को मुख्यमंत्री योगीनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती की जनसभा प्रस्तावित है।






