हम INDIA का हिस्सा हैं और रहेंगे : ममता

हम INDIA का हिस्सा हैं और रहेंगे : ममता*
सत्ता में आने पर विपक्षी गठबंधन इंडिया को बाहर से समर्थन देने की घोषणा के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी गठजोड़ का हिस्सा है और आगे भी रहेगी। तमलुक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पश्चिम बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस के साथ गठबंधन में नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कल के मेरे बयान को गलत समझा है। अखिल भारतीय स्तर पर, मैं पूरी तरह से इंडिया गठबंधन का हिस्सा हूं। इंडिया गठबंधन का मैंने सुझाव दिया था। हम राष्ट्रीय स्तर पर साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे। बनर्जी ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन में शामिल माकपा और कांग्रेस दोनों की पश्चिम बंगाल इकाइयां ने हाथ मिला लिया है और राज्य में भाजपा की मदद कर रही हैं। उन्होंने रैली में कहा कि बंगाल में माकपा और कांग्रेस पर भरोसा नहीं करें। वे हमारे साथ नहीं हैं, वे यहां भाजपा के साथ हैं। बनर्जी ने बुधवार को कहा था कि उनकी पार्टी केंद्र में सरकार बनाने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया को बाहर से समर्थन देगी। टीएमसी ने पूर्व में कहा था कि वह राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी। हालांकि वह पश्चिम बंगाल में अलग लड़ेगी। टीएमसी प्रमुख तमलुक में एक रैली को संबोधित कर रही थीं, जिसके अंतर्गत नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र आता है।

2144 views