मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं : योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। वे सांस्कृतिक जागरण के पुरोधा होने के साथ-साथ गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने कायाकल्प कर पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। गुरुवार को आजमगढ़ के निजामाबाद इलाके के गंधुवई में जनसभा के दौरान सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मां भारती के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। यह हम सबका सौभाग्य है कि दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता हमारे बीच है। प्रधानमंत्री को गरीब, नौजवान, किसान, शिल्पी कारीगर और महिलाओं के उत्थान की चिंता है। दस वर्ष पहले देश के सामने पहचान का संकट था। कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था। विकास का नामोंनिशान नहीं था। गरीब और किसान मरते थे।आजमगढ़ का क्या कहना। दुनिया में कहीं भी आतंकी घटना होने पर आजमगढ़ का नाम जोड़कर बदनाम कराया जाता था। अब भारत बदला है। आतंकवाद और नक्सलवाद पर अंकुश लगा है। सबको सम्मान और सुरक्षा मिली है। आजमगढ़ को विश्वविद्यालय और पूर्वांचल एक्सप्रेस मिला है। दो महीने पहले ही प्रधानमंत्री ने यहां एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया। यह नया आजमगढ़ है जो अब लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर से चारों तरफ से हाईवे जुड़ा है। आजमगढ़ को बपौती बनाने वाले बेनकाब हो गए हैं। एक वो दौर था जब आजमगढ़ के नाम से लोग चौंक जाते थे। धर्मशाला और होटल में रूम नहीं मिलता था। अब ओडीओपी से नई पहचान मिली है। देश में हर तरफ से एक ही आवाज आ रही है फिर मोदी सरकार।






