जनता से कट गए हैं मोदी, विदेश यात्राओं में रहते हैं व्यस्त : प्रियंका

जनता से कट गए हैं मोदी, विदेश यात्राओं में रहते हैं व्यस्त : प्रियंका*
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी लोकसभा से कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं, वह जनता की समस्याओं को पूछने नहीं आते, जनता से कट गए हैं। उन्होंने रोड शो के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री कभी अमेरिका जाते हैं, कभी चीन के प्रधानमंत्री के साथ झूला झूलते हैं, लेकिन जनता के बीच नहीं जाते। गरीबों के आंसू पोंछने की फुर्सत उन्हें नहीं है। देश के चंद अरबपति परिवारों को फायदा पहुंचाया जाता है। देश के सबसे बड़े नेता ने धर्म की बात करके आपके जज्बातों को उभारकर आपसे वोट लिया है, आपको कुछ दिया नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक चार हजार किमी की पदयात्रा कर लोगों की समस्याएं जानीं। सबसे मिलकर घोषणापत्र तैयार किया। इसे न्याय पत्र नाम दिया गया। क्योंकि 10 वर्ष में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। कांग्रेस के न्याय पत्र में गारंटी दी गई है। जो गारंटी दी है वह पूरी होगी। सत्ता में आए तो नौजवानों की मदद के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का फंड होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो अग्निवीर भर्ती परीक्षा को रद्द करेंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पदों को भरेंगे।