श्री माधव चिकित्सा अभिनंदन समारोह में 82 चिकित्सकों का सम्मान

श्री माधव चिकित्सा अभिनंदन समारोह में 82 चिकित्सकों का सम्मान
समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाना आवश्यक : डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना
किफायती दरों पर समग्र चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने में श्री गुरुजी सेवा न्यास की विशिष्ट भूमिका : डॉ. कविता बापट
इंदौर। श्री गुरुजी सेवा न्यास, इंदौर द्वारा आयोजित श्री माधव चिकित्सा अभिनंदन समारोह में समाज के प्रति समर्पित भाव से चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने वाले 82 चिकित्सकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर विभाग संघचालक डॉ. मुकेश मोढ़ ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना तथा विशेष अतिथि के रूप में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, इंदौर की अध्यक्ष डॉ. कविता बापट उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना ने अपने उद्बोधन में सेवा कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाना और उसे स्वस्थ रखने के लिए निरंतर प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति संवेदनशीलता, समर्पण और मानवीय दायित्व का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने पर बल दिया।
विशेष अतिथि डॉ. कविता बापट ने श्री गुरुजी सेवा न्यास द्वारा किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही समग्र चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में श्री गुरुजी सेवा न्यास की भूमिका विशिष्ट है। न्यास द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को सुलभ एवं किफायती चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय है। इस प्रकार की सेवाएँ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
समारोह के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में सेवाभाव, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने वाले 82 चिकित्सकों का अभिनंदन किया गया। आयोजन ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने तथा सेवा के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय लोंढे ने किया। अतिथियों का परिचय सीए डॉ. अभय शर्मा ने दिया तथा आभार प्रदर्शन अमित सिसौदिय ने किया।
समारोह में मालवा प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्री दिनकर की सबनीस, विभाग प्रचारक श्री वासुदेव पाटीदार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्री गुरुजी सेवा न्यास के अध्यक्ष श्री मुकेश हजेला, सचिव श्री संदीप जमींदार, श्री पुरुषोत्तम गुप्ता, श्री दिनेश अग्रवाल, श्री मनीषी श्रीवास्तव, श्री सुरेश पिंगले, श्री दीपक बाबा एवं सीए महेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 views