भाजपा ने वैक्सीन लगवाकर पैदा किया जान का खतरा : अखिलेश*
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने पहले संविधान को ही खतरे में डाला था, लेकिन अब वैक्सीन लगवाकर हमारी और आपकी जान को भी खतरे में डाल दिया है। वह मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डिंपल यादव के लिए आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। अखिलेश ने कहा कि पहले दो चरण की हवा ने भाजपा को उखाड़ दिया है। तीसरे चरण का चुनाव बरेली से मैनपुरी तक है। भाजपा के जो बड़े नेता मैनपुरी आ रहे हैं वे औपचारिकता कर रहे हैं। अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा के नेता मैनपुरी को देखने आ रहे हैं और परिणाम आने के बाद वोट का अंतर भी देखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर पोल अब खुल गई है। भाजपा ने सबको वैक्सीन लगवाकर जान का खतरा पैदा कर दिया। जो गारंटी की बात करते हैं उन्होंने लोगों के लिए वैक्सीन लगवाकर खतरे की घंटी बजा दी। अब लोगों के लिए सभी अस्पतालों में इलाज फ्री होना चाहिए, जिससे वैक्सीन के प्रभाव से बीमार पड़ने वाले लोग अपना उपचार करा सकें। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वैक्सीन कंपनी से भी इन्होंने चंदा ले लिया। सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के हर वादे को झूठा बताते हुए किसानों की आय दोगुनी करने, महंगाई कम करने, रोजगार देने समेत अन्य मुद्दों पर घेरा। अग्निवीर योजना पर तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा सरकार आई तो खाकी की नौकरी भी तीन साल की रह जाएगी। युवाओं को ये भरोसा दिलाया कि गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी।






