*जीतो इंदौर के नवनिर्वाचित चेयरमैन दिलीप सी. जैन ने किया ‘जल सुरक्षा के 15 महत्वपूर्ण उपाय’ पोस्टर का विमोचन*

बोले— जल संरक्षण केवल सरकार की नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी; हर नागरिक पानी बचाने का संकल्प ले
स्वर्णिम फाउंडेशन इंदौर की अनूठी पहल, वाहन चालकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का अभियान
इंदौर। जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्णिम फाउंडेशन इंदौर द्वारा तैयार किए गए ‘ड्राइवर भाइयों के लिए जल सुरक्षा के 15 महत्वपूर्ण उपाय’ पोस्टर का विमोचन जीतो (JITO) इंदौर के नवनिर्वाचित चेयरमैन श्री दिलीप सी. जैन ने किया।
इस अवसर पर श्री दिलीप सी. जैन ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि “जल है तो कल है। पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। जल संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हम आज पानी की बर्बादी नहीं रोकेंगे, तो इंदौर को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।”
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए बड़े-बड़े अभियानों के साथ-साथ दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाना भी जरूरी है। गाड़ी धोते समय पाइप खुला छोड़ने के बजाय बाल्टी और मग का उपयोग करना, अनावश्यक रूप से पानी नहीं बहाना तथा वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना ऐसे सरल उपाय हैं, जिनसे बड़ी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है।
श्री वीरेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि वाहन चालक समाज का एक महत्वपूर्ण वर्ग हैं। यदि प्रत्येक ड्राइवर जल संरक्षण के इन उपायों को अपनाए और अपने परिचितों को भी प्रेरित करे, तो यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने इस पहल को जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
स्वर्णिम फाउंडेशन द्वारा तैयार पोस्टर में गाड़ी धोने के दौरान कम पानी का उपयोग करने, बाल्टी और मग से वाहन साफ करने, हाई-प्रेशर पाइप के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने, पहले सूखे कपड़े से धूल हटाने, पर्यावरण के अनुकूल कार शैम्पू का उपयोग करने तथा सफाई में प्रयुक्त पानी का उचित उपयोग करने सहित जल सुरक्षा के 15 व्यावहारिक उपाय बताए गए हैं।
पोस्टर के माध्यम से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे स्वयं जल संरक्षण के उपाय अपनाएं और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। पोस्टर पर प्रमुखता से “कम पानी, साफ गाड़ी, सुरक्षित भविष्य” का संदेश दिया गया है।
स्वर्णिम फाउंडेशन इंदौर का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से जल संरक्षण को जन-जन की आदत बनाना और समाज में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता पैदा करना है। संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पोस्टर को अधिक से अधिक फॉरवर्ड करें, ताकि जल सुरक्षा का संदेश हर ड्राइवर और हर परिवार तक पहुंच सके।इस अवसर पर उपस्थित
विमलजी घोडावत प्रकाश भटेवरा उपेन्द्र जैन विनोद मेहता
नरेंद्र भंडारी रिकू क़ीमतीसंजय नाहर राजेश बाफना शैलेंद्र नाहर
आशीष धारीवाल जिनेशवर जैन
तरूण कीमती निलेश बाफना
नवीन जैन विकास हूडिया
रवि बाफना अमित लूनिया
राहुल गिरिया आदि ने दिलीप सी जैन का सम्मान किया।






