बदला चार सौ पार का नारा, भाजपा की भाषा से हार का रुझान : अखिलेश यादव*
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दो चरणों में जहां भी चुनाव हुए, भाजपा बुरी तरह हार रही है। उनका चार सौ पार का नारा बदल गया है। भाजपा अब संविधान की रक्षा का नारा दे रही है। डबल इंजन की सरकार में बड़े होर्डिंग से एक इंजन गायब है। चुनाव बाद दूसरा इंजन भी गायब हो जाएगा। अब तीसरे चरण में बरेली से मैनपुरी तक महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव होना है। इंडिया गठबंधन ये सभी सीटें जीतने जा रहा है।अखिलेश यादव यहां बिशप मंडल इंटर कॉलेज के मैदान पर गठबंधन के प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 30 मिनट के संबोधन की शुरुआत दो चरणों के चुनाव में गठबंधन की सौ फीसदी सफलता के दावे से की। कहा कि जिस तरह समुद्र मंथन हुआ था, ये चुनाव संविधान मंथन का है। संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बंचेगा, हमें ये याद रखकर मतदान करना होगा। अखिलेश ने कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि लड़ाई अभी बाकी है। केंद्र में गठबंधन की सरकार बनते ही एमएसपी कानून का लाभ दिया जाएगा।






