भाजपा नेता मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दे रहे जहरीले भाषण : राहुल*
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रमुख मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जहरीले भाषण दे रहे हैं। राहुल ने सोशल मीडिया पर लिखा, देश में बेरोजगारी और मुद्रास्फीति उच्चतम स्तर पर है। नरेंद्र मोदी कह रहे हैं, सब ठीक है। उनके पास मुद्दों से भटकाने की कई नई-नई तकनीकें है, किंतु अब झूठ के कारोबार का अंत निकट है। राहुल ने जनता से परिवर्तन को चुनने का आह्वान किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 10 साल में होने वाली जनगणना के 2021 में न होने पर भी सवालिया निशान लगाया। उन्होंने कहा कि अब यह सब ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री लाख कोशिश कर लें, वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भ्रामक शब्दावली का प्रयोग कर लें, उनकी इन रणनीतियों से कुछ होने वाला नहीं, बहुत जल्द उनके इस आंडबर कारोबार का अंत होने वाला है।






