अखिलेश-राहुल की संयुक्त रैलियों का खाका तैयार सपा दफ्तर पहुंचे कांग्रेस नेताओं से बनी सहमति*
यूपी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। तय हुआ कि हर चरण में सपा और कांग्रेस की संयुक्त रैलियां हों।यूपी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। तय हुआ कि हर चरण में सपा कांग्रेस की संयुक्त रैलियां हों और उसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव अवश्य शामिल हों। इसके अलावा अखिलेश यादव व राहुल गांधी की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के आयोजन पर सहमति बनी। इसमें इंडिया गठबंधन के मुद्दों व भाजपा के आरोपों का समुचित जवाब दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने दोपहर 12 बजे सपा कार्यालय में कांग्रेस नेताओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया। इसमें पश्चिमी यूपी में होने वाली संयुक्त रैलियों के आयोजन व प्रत्याशियों में यदाकदा बदलाव व चुनावी मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही सीटवार संयुक्त रूप से प्रचार अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने हिस्सा लिया जबकि सपा की ओर से अखिलेश यादव के अलावा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम व अन्य नेताओं ने शिरकत की। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने बाद में मीडिया को बताया कि सहयोगी दल सपा के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। आज भी सपा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें चुनावी रैलियों एवं चुनाव-प्रचार के कार्यक्रम पर चर्चा की गई,दोनों दलों की एक संयुक्त रैली की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लि कार्जुन खड़गे, पूर्वअध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी शामिल होंगी।






