साल के अंत तक राष्ट्रीय राजमार्गों को किया जाएगा गड्ढा मुक्त:नितिन गडकरी*
सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि इस साल दिसंबर तक 1.46 लाख किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। इस योजना को सफल बनाने के लिए युवा इंजीनियरों की मदद ली जाएगी और उन्हें राजमार्ग को गड्ढा मुक्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। गुरुवार को नई दिल्ली में गडकरी ने कहा कि बारिश की वजह से राजमार्ग पर गड्ढे हो जाते हैं और इस समस्या को दूर करने के लिए नई नीति लाई गई है। बारिश की वजह से एनएच के पास के नाले जाम हो जाते हैं। रोबोट की मदद से इन नालों की जांच व सफाई का काम किया जाएगा। राजमार्ग के अतिक्रमण को भी समाप्त किया जाएगा, क्योंकि इस कारण कई बार दुर्घटना हो जाती है। जल्द ही एनएच के सेफ्टी आडिट का काम आइआइटी और अन्य इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों को दिया जाएगा। इससे सरकार का काम कम लागत में हो जाएगा और छात्रों को नौकरी भी मिलेगी। गडकरी ने कहा कि सरकार शहर के ठोस कचरे का इस्तेमाल सड़क निर्माण में करने जा रही है। इस दिशा में भी एक नीति लाई जा रही है, जिसके तहत शहरों के ठोस कचरे से प्लास्टिक, शीशा व एल्युमिनियम को अलग कर लिया जाएगा और इनका इस्तेमाल सड़क निर्माण में होगा। बाकी कचरे से बायोफ्यूल का उत्पादन किया जाएगा। इससे कचरे का निस्तारण भी होगा।






