बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ से बिगड़े हालात,दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब*
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रविवार को भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। मंदिर के अंदर और बाहर हालात बिगड़ते रहे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षागार्डों ने व्यवस्था बनाने के लिए जमकर पसीना बहाया। लेकिन भीड़ के दबाव में इंतजाम धराशाई होते रहे। उमसभरी गर्मी और तेज धूप में श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद हालात और बिगड़ गए थे। राधाष्टमी पर्व पर देशभर के श्रद्धालुओं ने वृंदावन में डेरा डाल रखा था। बरसाना से भी दर्शन के बाद श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे। रविवार को सुबह मंदिर खुलने से पहले ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए बांकेबिहारी मंदिर पहुंच चुकी थी। मंदिर आने वाले हर रास्ते पर भक्तों का हुजूम नजर आ रहा था। विद्यापीठ से लेकर मंदिर के प्रवेशद्वार संख्या तीन तक भीड़ का दबाव बनना शुरू हो गया। दूसरी ओर जुगलघाट से मंदिर के गेट संख्या-दो तक भी हालात इसी तरह के बन गए। मंदिर के पट खुले तो श्रद्धालुओं को अंदर प्रवेश मिलना शुरू हुआ। समय बढ़ने के साथ भीड़ का दबाव भी बढ़ता गया। कुछ देर बैरिकेडिंग पर श्रद्धालुओं को रोकने से लोग गर्मी से बिलबिला रहे थे। बैरिकेडिंग खोलते ही श्रद्धालुओं में मंदिर की ओर पहुंचने की आपाधापी मचने लगी।






