एक देश एक चुनाव समिति की 23 सितंबर को होगी पहली बैठक

एक देश एक चुनाव समिति की 23 सितंबर को होगी पहली बैठक*
एक देश, एक चुनाव’ समिति की पहली बैठक 23 सितंबर को आयोजित होगी। इस समिति के अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने शनिवार को यह जानकारी दी। देश में पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक के सभी चुनाव एक साथ कराने को लेकर संभावनाएं तलाशने के लिए केंद्र सरकार ने कोविन्द की अध्यक्षता में समिति का गठन किया था। गौरतलब है कि यह बैठक संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र के समापन के एक दिन बाद होगी। सरकार ने 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। एक देश, एक चुनाव’ पर केंद्र सरकार ने इस महीने की शुरुआत में आठ सदस्यीय समिति का गठन किया था। कोविन्द के साथ इस समिति के अन्य सदस्यों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह, पूर्व चीफ विजिलेंस कमिश्नर संजय कोठारी, राज्यसभा के पूर्व सदस्य गुलाम नबी आजाद शामिल हैं। हालांकि, इस समिति में लोकसभा में सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी को भी शामिल किया गया था, लेकिन उन्होंने इस कमेटी में शामिल होने से मना कर दिया था।

1340 views