जेकेएलएफ पर बैन के बाद बोलीं महबूबा- ये प्रतिबंध कश्मीर को खुली जेल में बदल देगा*

*जेकेएलएफ पर बैन के बाद बोलीं महबूबा- ये प्रतिबंध कश्मीर को खुली जेल में बदल देगा*

अलगावदी नेता यासिन मलिक के जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) पर बैन के बाद पीडीपी अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि जेकेएलएफ पर बैन एक हानिकारक कदम है जो कश्मीर को एक खुली जेल में बदल देगा। केंद्र सरकार ने जेकेएलएफ पर आतंकवाद निरोधक कानून के तहत बैन लगा दिया है। महबूबा मुफ्ती ने एक ट्वीट में कहा, ‘’ऐसे हानिकारक कदमों से कश्मीर सिर्फ खुली जेल में तब्दील होगा।”

मुफ्ती ने कहा, “जम्मू कश्मीर मुद्दे के हल के लिये यासीन मलिक ने काफी समय पहले हिंसा की आलोचना की थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री वाजपेयी जी की वार्ता पहल में उन्हें एक पक्षकार के तौर पर देखा गया था। उनके संगठन पर प्रतिबंध से क्या हासिल होगा?”

अधिकारियों ने नई दिल्ली में बताया कि संगठन पर जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों को कथित तौर पर बढ़ावा देने को लेकर प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुयी एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद संगठन को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित किया गया है और केंद्र की राय है कि जेकेएलए‍फ “आतंकी संगठनों के संपर्क में है” और जम्मू-कश्मीर और अन्य जगहों पर उग्रवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

1435 views