प्रियंका विपक्ष में प्रधानमंत्री पद की सबसे उपयुक्त प्रत्याशी : कृष्णम

प्रियंका विपक्ष में प्रधानमंत्री पद की सबसे उपयुक्त प्रत्याशी : कृष्णम*
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका वाड्रा को प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त प्रत्याशी बताया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक केस के सिलसिले में याचिका दाखिल करने शनिवार को प्रयागराज आए कृष्णम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्ष में प्रधानमंत्री पद के लिए प्रियंका से बेहतर कोई नेता नहीं है।हम चाहते हैं कि वो प्रधानमंत्री बनें। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने पर कहा कि इससे कोई दिक्कत नहीं है। राहुल भारत की जनता के दिलों में हैं और 2024 में अगर कानूनी पेच नहीं हुआ तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को हटाना है तो सभी क्षेत्रीय पार्टियों को साथ आकर कांग्रेस पार्टी का समर्थन करना होगा।कांग्रेस नेता ने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक देश की जनता भाजपा को देख चुकी है। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी। मैं अमित शाह को चुनौती देता हूं कि उत्तर प्रदेश में किसी जगह से चुनाव लड़ेंगे। मैं उस जगह से चुनाव लड़कर उन्हें चुनौती दूंगा। राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के बारे में कहा कि यह गांधी परिवार के ऊपर निर्भर करता है कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे।

1072 views