उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी कसी कमर, राष्ट्रीय सचिव बोले- निष्ठावान कार्यकर्ताओं की बनाएं सूची

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी कसी कमर, राष्ट्रीय सचिव बोले- निष्ठावान कार्यकर्ताओं की बनाएं सूची*
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी तैयारी तेज कर दी है। जय भारत सत्याग्रह अभियान कार्यक्रम की सफलता के लिए बैठक करने आए राष्ट्रीय सचिव सत्यनरायन पटेल ने गोरखपुर-बस्ती मंडल के पदाधिकारियों के साथ नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की। कहा कि निष्ठावान और जुझारू कार्यकर्ताओं को ही टिकट देना है। इसके लिए सभी की सूची बना ली जाए। निकाय चुनाव में कांग्रेस सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।प्रदेश प्रभारियों, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष की बैठक में राष्ट्रीय सचिव सत्यनरायन पटेल ने कहा कि जय भारत सत्याग्रह अभियान कार्यक्रम की तैयारी में सभी जुट जाएं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ एकजुटता होते हुए जनता को मोदी-अडानी के बारे में बताना होगा। प्रांतीय अध्यक्ष व विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन का कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होता है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा सरकार से दो-दो हाथ कर भारी बहुमत से चुनाव जीता जाएगा।

1139 views