प्रधानमंत्री मोदी ने वैक्सीनेटर्स को पत्र लिखकर दी बधाई, कहा- आने वाली पीढ़ी इस उपलब्धि पर करेगी गर्व*
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में भारत नें हाल ही में कोविड वैक्सीन की 200 करोड़ डोज लगाने के आंकड़े को पार कर लिया है। इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर कर देशवासियों को बधाई दे चुके हैं। अब पीएम मोदी ने वैक्सीनेटर्स को बधाई दी है। समाचार एजेंसी एआइएनएस के मुताबिक, पीएम मोदी ने सभी वैक्सीनेटर्स को निजी तौर पर प्रशस्ति पत्र भेजे हैं। इस प्रशस्ति पत्र को वैक्सीनेटर्स अपनी कोविन लागिन आइडी के जरिए डाउनलोड कर सकते हैं। 200 करोड़ डोज के लक्ष्य को पूरा करने में अहम योगदान निभाने वाले वैक्सीनेटर्स की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने पत्र में कहा, ‘कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत ने जो उपलब्धि हासिल की है, उसपर आने वाली पीढ़ी हमेशा गर्व करेगी। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘कोविड वैक्सीनेशन की हमारी यात्रा 16 जनवरी 2021 को शुरू हुई थी और 17 जुलाई 2022 का दिन हमेशा के लिए यादगार बन गया। इस दिन हमने 200 करोड़ वैक्सीन डोज का मुकाम हासिल किया। कोरोना से जंग के खिलाफ यह एक बड़ी उपलब्धि है।’






