भारतेंदु समिति के शताब्दी समारोह में डॉ. विकास दवे को मिलेगा प्रतिष्ठित सारस्वत सम्मान

भारतेंदु समिति के शताब्दी समारोह में डॉ. विकास दवे को मिलेगा प्रतिष्ठित सारस्वत सम्मान
कोटा। भारतेंदु हरिश्चन्द्र जयंती महोत्सव एवं भारतेंदु समिति के शताब्दी समारोह के अवसर पर मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी, भोपाल के निदेशक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विकास दवे को प्रतिष्ठित आचार्य हनुमान प्रसाद सक्सेना स्मृति अखिल भारतीय साहित्य सेवा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। 9 सितम्बर को आयोजित होने वाले इस समारोह में साहित्य, इतिहास, संगीत, लोक एवं शास्त्रीय कला तथा संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक साहित्यकारों और कलाकारों का सम्मान किया जाएगा।
डॉ. विकास दवे को दिया जाने वाला यह सम्मान हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया जा रहा है। भारतेंदु समिति का यह प्रतिष्ठित सम्मान देश की विभिन्न भारतीय भाषाओं और अहिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं साहित्य सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता रहा है।
समिति के अनुसार अब तक यह सम्मान हिन्दी-अंग्रेजी सहित तेरह भारतीय भाषाओं में प्रकाशित ‘योग संदेश’ पत्रिका के संपादक योगऋषि स्वामी रामदेव, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वेद विभाग के अध्यक्ष जैनम श्री, पंडित सुरेश तातेड तथा साहित्य मंडल नाथद्वारा के श्याम देवपुरा सहित हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साहित्यकारों को प्रदान किया जा चुका है।
समारोह में मुंबई निवासी डॉ. विपुल सक्सेना को भी सम्मानित किया जाएगा। वे भारतेंदु समिति के सूत्रधार एवं संस्थापक आचार्य हनुमान प्रसाद सक्सेना के पौत्र हैं। साहित्य श्री से सम्मानित डॉ. विपुल सक्सेना द्वारा रचित पुस्तक का विमोचन भी समारोह में किया जाएगा।
इसी अवसर पर प्रदेश के राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वरिष्ठ इतिहासकार एवं इतिहास संकलन समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल साहू को ‘साहित्य सूत्रधार सम्मान’ से विभूषित किया जाएगा।
भारतेंदु समिति के संस्थापक हनुमान प्रसाद सक्सेना की पौत्री एवं संगीत विदुषी डॉ. संगीता सक्सेना की पुस्तक ‘सांगीतिक काव्य के अद्वितीय रचनाकार पंडित रामाश्रय झा रामरंग’ का विमोचन भी समारोह में होगा। पुस्तक में पंडित रामाश्रय झा ‘रामरंग’ के सांगीतिक एवं साहित्यिक अवदान को केंद्र में रखा गया है।
संस्कार भारती, कोटा के सह साहित्य संयोजक एवं लघुकथाकार विजय शर्मा को ‘साहित्य श्री सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वहीं भारतीय लोक एवं शास्त्रीय गायन, नृत्य तथा समाज-संस्कृति सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आस्था सक्सेना को ‘स्वर सुधा श्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
समिति के अनुसार पहली बार यह प्रतिष्ठित सम्मान राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित युवा संस्कार भारती की संस्कार मित्र आस्था सक्सेना को प्रदान किया जा रहा है।
भारतेंदु हरिश्चन्द्र जयंती महोत्सव और समिति के शताब्दी समारोह में साहित्य, इतिहास, संगीत और भारतीय संस्कृति के विभिन्न आयामों को एक मंच पर सम्मानित किए जाने के कारण यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।

402 views