शेयर बाजार से अच्छी खबर, सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल*
बीएसई सेंसेक्स 443.19 अंक चढ़कर 52,265.72 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 143.35 अंक की बढ़त के साथ 15,556.65 अंक पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 78.32 (अस्थाई) पर बंद हुई।बताया जा रहा है कि वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को तेजी रही। सेंसेक्स शेयरों में मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, टीसीएस, सन फार्मा, विप्रो, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से फायदे में रहे। दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक और चीन का शंघाई कंपोजिट में मजबूती रही जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट रही। अमेरिकी शेयर बाजार भी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।






