युक्रेन रूस युद्ध:जंग में 131 बच्चों समेत 1611 की मौत, रूसी सम्पत्तियों से सैन्य नुकसान की भरपाई करेगा यूक्रेन*
रूसी हमले के बाद से यूक्रेन के हालात बदतर होते जा रहे हैं। इनकी जंग 44वें दिन में पहुंच गई है और नतीजा सिफर है। इस बीच यू्क्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बोरोड्यांका शहर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बूचा से बुरी स्थिति है। वहीं युद्ध अपराधों के आरोपी रूस को संयुक्त राष्ट्र ने मानवाधिकार परिषद ने बाहर कर दिया है। इस दौरान हुई वोटिंग में 93 देशों ने रूस के विरोध में मतदान किया, तो भारत समेत 58 देश मतदान से दूर रहे। यूक्रेन के महाभियोजक ने बताया कि बूचा की सामूहिक कब्र से वयस्क शवों के बीच एक 15 साल की लड़की का शव भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि वयस्कों की अपेक्षा बच्चों के और भी ज्यादा शव मिलने की आशंका है।रूस से जंग में यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ है। अब यूक्रेन ने अपने नुकसान की भरपाई रूसी सम्पत्तियों से करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, यूक्रेन में मौजूद सभी रूसी सम्पत्तियों का राष्ट्रीयकरण किया जा रहा है, जिससे सैन्य नुकसान की भरपाई की जा सके।






