मायावती का रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर बढ़े योगी के कदम, सात वर्ष 16 दिन रही थीं मुख्यमंत्री*
योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बसपा सुप्रीमो मायावती का सर्वाधिक अवधि तक प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर आगे बढ़ गए हैं। चार बार मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती का कुल कार्यकाल 7 वर्ष 16 दिन का था। जबकि योगी आदित्यनाथ पहले कार्यकाल में 5 वर्ष 6 दिन मुख्यमंत्री रह चुके हैं और अब बतौर मुख्यमंत्री शुक्रवार से उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हो गया है।प्रदेश में तीन बार मुख्यमंत्री बने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव का कार्यकाल कुल 6 साल 274 दिनों का रहा है। इनके अतिरिक्त डॉ. संपूर्णानंद 5 वर्ष 344 दिन तक मुख्यमंत्री रहे थे। एनडी तिवारी 3 साल 314 दिन मुख्यमंत्री रहे हैं। जबकि त्रिभुवन नारायण सिंह सबसे कम महज 167 दिन ही मुख्यमंत्री रहे हैं।






