अलीगढ़ में गूगल मैप से होगी जाम लगने वाले स्थानों की निगरानी, एसएसपी ने दिए खास टिप्स*
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को गोष्ठी में अधिकारियों व कर्मचारियों को यातायात प्रबंधन का पाठ पढ़ाया।एसएसपी ने कहा कि गूगल मैप से मुख्य मार्गों पर भीड़-भाड़ व जाम लगने वाले स्थानों को चिह्नित करके निगरानी रखें। अगर कोई आम जनता की ट्रैफिक संबंधी समस्या व शिकायत है तो उसे तुरंत दर्ज करें और निस्तारण कराएं। एसएसपी ने कैंप कार्यालय में एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी यातायात मुकेशचंद्र उत्तम, एएसपी पुनीत द्विवेदी, सीओ यातायात विनीत सिकरवार के अलावा यातायात के सभी एसआइ व इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी के साथ यातायात प्रबंधन को बेहतर करने के संबंध में पहली प्रथम गोष्ठी आयोजित की। इसमें एसएसपी ने कहा कि आपरेशन नकेल, ब्लैक-कैट, साइलेंस, तिकड़ी को और अधिक प्रभावी बनाएं। सभी यातायात उपनिरीक्षकों को पीए सिस्टम व एक-एक हाटस्पाट की जिम्मेदारी दी जाए। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में बड़े-बड़े बोर्ड लगाकर लोगों को जागरूक व सचेत करें। रात में भी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा ट्रैफिक एनफोर्समेंट व सड़क अनुशासन पर विशेष ध्यान दें। एसएसपी ने कहा कि यातायात पुलिसकर्मी अच्छी वर्दी पहनें। उपनिरीक्षक से नीचे के सभी पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टिव जैकेट, बेल्ट और देर शाम हैंड लाइट्स के प्रयोग का कड़ाई से अनुपालन करें। इसके अलावा गर्मी के प्रकोप को देखते हुए यातायात पुलिस कार्मिकों के लिए पानी व छाते का प्रबंध किया जाएगा। इस दौरान अच्छा कार्य करने वाले दो यातायात उपनिरीक्षक पुरस्कृत भी हुए।






