विधायक दल का नेता चुने जाने पर योगी आदित्यनाथ बोले- मालिक नहीं, हमें सेवक बनकर करना होगा काम*
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय पर्यवेक्षक व गृहमंत्री अमित शाह का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब कोई मुख्यमंत्री पांच साल तक काम करे और फिर सत्ता में आ जाए। यह पहली बार संभव हुआ है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से और उत्तर प्रदेश के प्रभारी के रूप में संगठन की मजबूत नींव प्रदेश में रखने वाले उस समय राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के व्यापाक दौरे के बाद सरकार के द्वारा सुशासन और गरीब कल्याण के लिए कार्यक्रम प्रारंभ हुए। प्रत्येक योजना को उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा के लिए अभियान के रूप में शुरू किया गया,पहली बार मुख्यमंत्री बनाए जाने का अनुभव साझा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं एक सामान्य सांसद था। मेरे पास कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं था। एक अभिभावक के रूप में प्रधानमंत्री ने सुशासन के बारे में मार्गदर्शन किया कि कैसे अभियान को आगे बढ़ाना है।उत्तर प्रदेश में कानून की बात करें तो यहां के लोगों के लिए सपना था। उसको हम लोगों ने प्रभावी रूप से लागू किया। प्रदेश कई क्षेत्रों में केंद्रीय योजनाओं में अग्रणी बना। उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्त करना प्रतिष्ठा की बात नहीं, बल्कि हमें जनता की अदालत में खरा उतरना होता है। पार्टी ने मुझे फिर से अवसर दिया है। हम बिना रुके, बिना थके और बिना डिगे जनता की सेवा में जुटेंगे।






