-बिजली कंपनी की आईटी शाखा ने दी आसान सुविधा
इंदौर। शासन की लोकप्रिय समाधान योजना के तहत वर्ष 2020 के कोरोनाकाल के बिलों की राशि में छूट के लिए पात्रता रखने वाले उपभोक्ता घर बैठे वन क्लिक में सुविधा प्राप्त कर सकते है। इसके लिए बिजली कंपनी की सूचना प्रौद्योगिकी(आईटी) शाखा ने आसान सुविधा प्रदान की है।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्य़ुत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अमित तोमर ने बताया कि आईटी शाखा के प्रमुख श्री सुनील पाटौदी की टीम ने समाधान योजना के आसानी से लाभ लेने के लिए कंपनी के पोर्टल MP.WZ.CO.IN पर विशेष व्यवस्था की है। पोर्टल के होमपेज के दाई ओर ऊर्जस सेवाओं पर क्लिक कर समाधान योजना के लिए पंजीयन और भुगतान किया जा सकता है। प्रबंध निदेशक श्री तोमर ने बताया कि पंजीयन करने के लिए उपभोक्ताओं को अपना आईवीआरएस नंबर दर्ज करना होगा, इसके बाद पात्रता एवं छूट उपरांत बकाया राशि दिखाई देगी। पंजीयन के विकल्प वाले स्थान के पास ही भुगतान का विकल्प भी है। इस विकल्प का उपयोग कर घर बैठे ही समाधान योजना के तहत छूट के उपरांत राशि जमा की जा सकती है। श्री तोमर ने बताया कि समाधान में कोरोनाकाल वर्ष 2020 के तहत एक किलोवाट के घरेलू कनेक्शनों की बकाया राशि 30 अगस्त 2020 की स्थिति में आस्थगित की गई थी। इस बकाया राशि के अधिभार पर शत प्रतिशत छूट एवं शेष मूल राशि एक मुश्त चुकाने पर 40 फीसदी एवं छः समान किश्तों में चुकाने पर 25 फीसदी की छूट देय होगी। समाधान के तहत अंतिम तिथि 31 जनवरी है, लेकिन बिजली कंपनी ने योजना का जल्दी से जल्दी लाभ लेने की उपभोक्ताओं से अपील की है। जोन, वितरण केंद्र पर फार्म जमा कर भी समाधान योजना का लाभ लिया जा सकता है।
1028 views





