गांधीपार्क के मामू भांजा में बजरंग दल के नगर गोरक्षा प्रमुख के साथ मारपीट व धमकी देने वालों की तलाश में पुलिस
अलीगढ़ गांधीपार्क के मामू भांजा रेडियो बाजार में कल देर रात बजरंग दल के नगर गोरक्षा प्रमुख के साथ मारपीट करने व धमकी देने के आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस घटना को लेकर बजरंगियों ने जमकर हंगामा भी किया था।आरोप है कि अरबाज ने अपने चार-पांच साथियों के साथ कार्तिक से गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी। गला दबाकर मारने का भी प्रयास किया।शोर-शराबे पर लोगों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। मारपीट में कार्तिक को चोट आने की खबर पर बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव शर्मा, महानगर अध्यक्ष शेखर शर्मा,रितेश, रिंकू,मयंक कुमार, अमित भारद्वाज, विशाल देशभक्त, हर्षद हिंदू आदि समेत तमाम कार्यकर्ता माैके पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। हंगामे व दो संप्रदाय से जुड़ा मामला होने पर सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने पीड़ित कार्यकर्ता को डाक्टरी परीक्षण कराया। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार अरबाज व उसके चार-पांच अज्ञात साथियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।






