दूसरों की सुरक्षा करने वाले निजी सुरक्षा गार्डस के जीवन की सुरक्षा करेगा प्रशासन

दूसरों की सुरक्षा करने वाले निजी सुरक्षा गार्डस के जीवन की सुरक्षा करेगा प्रशासन

सभी निजी सुरक्षा गार्डस का कराया जायेगा वैक्सीनेशन
इंदौर 15 जून, 2021
कोरोना संक्रमण से लोक स्वास्थ्य के बचाव हेतु कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में इंदौर जिले में युद्ध स्तर पर वैक्सीनेश्न अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन में जिले की सभी निजी सुरक्षा एजेंसी के संचालक एवं प्रशासकों की बैठक आहूत की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री पवन जैन, पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद तिवारी, एएसपी श्रीमती मनीषा सोनी पाठक ने सभी सुरक्षा एजेंसी के संचालकों को निर्देश दिये कि 27 जून 2021 तक एजेंसी के तहत कार्यरत सभी सुरक्षा गार्डस एवं उनके परिजनों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डस हाई-रिस्क श्रेणी में आते है। सुरक्षा गार्डस यदि कोविड पॉजिटिव होते है तो इससे संक्रमण फैलने का खतरा अधिक मात्रा में बढ़ सकता है। इस लिये सभी सुरक्षा गार्डस एवं उनके परिजन जो 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की श्रेणी में आते है, उनका शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन आगामी दस दिवस के अंदर कराया जाना सुनिश्चित करें। अपर कलेक्टर श्री पवन जैन ने सभी रहवासी संघों, हाउसिंग सोसायटी, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे उनके यहां कार्यरत सुरक्षा गार्डस को खुद के एवं उनके परिजनों का वैक्सीनेशन कराने के लिये प्रेरित करें। यदि कोई सुरक्षा गार्ड 27 जून के उपरांत बिना वैक्सीनेशन प्रमाण-पत्र के कार्य पर आता है, तो संबंधित गार्ड एवं एजेंसी के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।

1424 views