पूर्व मंत्री के भाई के फार्म हाउस में तीन नहीं चार किलो सोना की हुई थी लूट

पूर्व मंत्री के भाई के फार्म हाउस में तीन नहीं चार किलो सोना की हुई थी लूट
सतना

प्रदेश में इस साल की सबसे बड़ी लूट और सनसनी मचाने वाले सतना जिले के पूर्व खनिज मंत्री स्व. बृजेंद्र नाथ पाठक के भाई श्रवण कुमार पाठक के फार्म हाउस में 24 मार्च को हुई तीन करोड़ नकदी और तीन किलो सोना की लूट में अब नया खुलासा हुआ है। एक बार फिर इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो नए आरोपितों को गिरफ्तार किया है और सात लाख नकदी सहित एक किलो सोना और जब्त किया गया है। इस मामले में अब नया खुलासा होने से सभी हैरत में आ गए हैं। पूर्व में जहां श्रवण पाठक ने तीन किलो सोना लूट बताया था लेकिन पुलिस को अब तक चार किलो सोना मिल चुका है। अब बताया जा रहा है कि संभवतः श्रवण पाठक ने चार किलो सोना लूटा जाना लिखवाना भूल गए हों लेकिन एक किलो सोना और मिलने से अब जांच अधिकारियों सहित श्रवण पाठक भी सवालों के घेरे में आ गए हैं। इस मामले में आय का स्रोत जानने आयकर विभाग के अधिकारियों ने भी श्रवण पाठक से पूछताछ की थी जिसमें उन्होंने खेती से इतनी बड़ी रकम का लाभ होने की जानकारी दी थी।

पूछताछ में श्रवण पाठक ने यह बताया था-
पुलिस जांच में सबसे पहले श्रवण पाठक से पुलिस ने पूछताछ की। जिसमें उनके द्वारा पूरा पैसा उनकी खेती से हुई आय का बताया गया है। उनका कहना है कि उनके पास लगभग 100 एकड़ का खेत है। जिसमें वे खेती करते हैं। इसके लिए उसी गांव व आस-पास के लोगों को काम पर रखा है। चौकीदार 28 वर्षीय बसंत आदिवासी पिता मोतीलाल जिसके पिता भी उनके खेत में काम करते थे और अब उनका लड़के को उन्होंने रखा है। जो कि 20 मार्च को ही काम पर आया है। जबकि घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर खेत में ही एक और चौकीदार 55 वर्षीय हंसराज सिंह पिता लेखराज सिंह कोठरा निवासी को एक दिन पूर्व काम पर रखा गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष भर में 20 से 25 लाख रुपये की आय खेती से होती है। इस रकम को इकट्ठा कर वे घर पर ही रखते हैं जो कि वर्षों से चला आ रहा है। वे इस रकम को बैंकों में नहीं रखते हैं।

अब तक गिरफ्तार आरोपित
पुलिस ने वर्तमान में बिटोल बाई पति सुदामा उर्फ छलिया माझी 50 वर्ष निवासी रैपुरा कटनी को गिरफ्तार कर 01 सोने की सिल्ली वजन एक किलो 02 लाख नकदी कुल कीमती 52 लाख रुपये जब्त किया है। इसके साथ ही पल्लू उर्फ दिलबहार पिता दशरथ प्रसाद बसुदेवा 28 वर्ष निवासी असोड थाना इंदवार जिला उमरिया को भी गिरफ्तार कर 5 लाख रुपये नकदी बरामद कर लिया है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों में लूदा वसदेवा पिता अयोध्या वसदेवा निवासी ग्राम दरबार थाना इंदबार जिला उमरिया, अजय दाहिया पिता उत्तमलाल दाहिया उम्र 27 बर्ष ग्राम दरबार थाना इंदबार जिला उमरिया, सुरेश उर्फ राजा दाहिया पिता मथुरा प्रसाद दाहिया 39 बर्ष निवासी ग्राम इंटौरा थाना बरही जिला कटनी, सुदामा उर्फ छलिया माझी निवासी रैपुरा चैकी बिलहरी थाना कुठिला जिला कटनी, सुरेश उर्फ चिप्पू पिता लछ्मण केवट 35 वर्ष निवासी गुड़हर, सुधा पत्नी सुदामा उर्फ छलिया माझी 40 वर्ष निवासी रैपुरा कटनी शामिल हैं।

1391 views