बंगाल में शुरू हुआ EVM का खेला! कांथी में 18% मतदान 4 मिनट बाद घटकर हुआ 10%, ये कैसे?

बंगाल में शुरू हुआ EVM का खेला! कांथी में 18% मतदान 4 मिनट बाद घटकर हुआ 10%, ये कैसे?

पश्चिम बंगाल में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है राज्य की 30 विधानसभा सीटों पर सुबह से ही मतदान जारी है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत कम हो गया है।

तृणमूल कांग्रेस की इस शिकायत पर सनसनी मच गई है। तृणमूल कांग्रेस ने इस बाबत चुनाव आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करा दी है।

अपने ज्ञापन में तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र और कांथी उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर मतदान प्रतिशत क्रमशः 18.47 % और 18.95% था।

4 मिनट के बाद ये आंकड़ा घट गया. 09 बजकर 17 मिनट पर यह आंकड़ा घटकर 10.60 % और 09.40 % हो गया।

तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि ये गंभीर मामला है और सीधे सीधे चुनावी गड़बड़ी है। महज 4 मिनट के अंतराल में ये आंकड़े कैसे कम हो गए ? 18% मतदान 10 % के आसपास कैसे पहुंच गया ? चुनाव आयोग इस मामले का संज्ञान ले।

तृणमूल कांग्रेस ने ये आरोप साक्ष्यों के साथ चुनाव आयोग को मुहैया कराए हैं। ऐसे में अब चुनाव आयोग आगे क्या एक्शन लेता है, ये देखना दिलचस्प होगा।

तृणमूल ने चुनाव आयोग की एप में भी गड़बड़ी का आरोप भी लगाया है। आज दोपहर तृणमूल कांग्रेस नेताओं का एक शिष्टमंडल इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से भी मिलने जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं का शिष्टमंडल भी कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मिलने की तैयारी कर रहा है।

भाजपा का आरोप है कि चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के समर्थक वोटिंग में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और लोगों को वोट देने से रोक रहे हैं।

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल के साथ ही असम में आज पहले चरण की वोेटिंग हो रही है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 30 सीटों के लिए और असम में 47 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है।

मतदान के लिए सुबह 7 बजे से शाम के 6:30 बजे तक का वक्त निर्धारित किया गया है। पश्चिम बंगाल के जिन जिलों में वोटिंग हो रही है, उनमें पुरुलिया, बांकुड़ा, झारग्राम, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर जिले शामिल हैं।

1538 views