बंगाल में शिवराज से सीधी भिड़ंत नहीं चाहते कमलनाथ! कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की लिस्ट से इसलिए हुए बाहर?
कैलाश विजयवर्गीय, शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग…-बंगाल में ममता बनर्जी का गढ़ भेदने के लिए बीजेपी ने मध्य प्रदेश के पार्टी नेताओं का पूरा कुनबा वहां उतार दिया है। एमपी बीजेपी के बड़े नेताओं में ज्योतिरादित्य सिंधिया को छोड़ कर तकरीबन सभी बंगाल चुनाव में एक्टिव हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को बंगाल के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट से भी बाहर कर दिया है। 12 मार्च को जारी की गई लिस्ट में कमलनाथ का नाम नौवें नंबर पर था, लेकिन अब उनकी जगह मनीष तिवारी को इसमें जगह दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कमलनाथ दमोह सीट पर होने वाले उपचुनाव को ज्यादा समय देना चाहते हैं। दमोह में 17 अप्रैल को मतदान होना है और यहां बीजेपी को अपने पुराने नेताओं का विरोध झेलना पड़ रहा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंत्री और दमोह से सात बार विधायक रहे जयंत मलैया खुद या अपने बेटे को निर्दलीय मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। बीजेपी के इस अंतर्विरोध के चलते कांग्रेस को अपनी संभावनाएं बेहतर दिख रही हैं। इसलिए कमलनाथ अपना पूरा ध्यान यहां लगाना चाहते हैं।
हालांकि, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर नजर रखने वाले इसकी एक और वजह बता रहे हैं। कहा जा रहा है कि 12 मार्च को बंगाल में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट से जी-23 के नेताओं को पूरी तरह बाहर रखा गया था। इसको लेकर पार्टी में विरोध बढ़ा तो शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें एडजस्ट करने के लिए कमलनाथ को बाहर कर उनकी जगह मनीष तिवारी को शामिल कर दिया। वजह चाहे जो भी हो, लेकिन बंगाल की रणभूमि से कमलनाथ की गैर मौजूदगी मध्य प्रदेश में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
1188 views





