कौन बनेगा सीएम LIVE: राहुल से मिलने पहुंचे दावेदार, नाम को लेकर मंथन जारी
*तीनों राज्यों, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर रस्साकशी जारी है। जिस पर अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को लेना है।*
नई दिल्ली । तीनों राज्यों में जीत मिलने के बाद कांग्रेस के सामने मुख्यमंत्री चुनने की चुनौती आ खड़ी हुई है। तीनों राज्यों, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर रस्साकशी जारी है। जिस पर अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को लेना है। राहुल ने सीएम पद के सभी दावेदारों को दिल्ली बुला लिया है। वे केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मुलाकात कर विधायकों की राय जानेंगे। उम्मीद है कि तीनों राज्यों के सीएम के नाम पर फैसला गुरुवार को हो जाएगा।
लाइव अपडेट्स
– राजस्थान में सीएम के दावेदार सचिन पायलट और अशोक गहलोत, राहुल गांधी से मिलने पहुंच चुके हैं। फिलहाल, राहुल गांधी और पर्यवेक्षकों के बीच बैठक हो रही है।
– राजस्थान में मुख्यमंत्री के दोनों दावेदार, सचिन पायलट औऱ अशोक गहलोत राहुल से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘पर्यवेक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से सभी की राय ले ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को (राजस्थान के सीएम उम्मीदवार पर) निर्णय लेना है। पर्यवेक्षक दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज बातचीत होगी और निर्णय लिया जाएगा।’
*राजस्थान के दावेदार*
राजस्थान में वसुंधरा सरकार को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस सहयोगियों की मदद से सरकार बनाने जा रही है। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और युवा नेता सचिन पायलट मुख्यमंत्री रेस में हैं। दोनों नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद के लिए खींचतान की ख़बरें आ रही हैं, दोनों के समर्थक अपने नेता को सीएम देखना चाहते हैं।
*छत्तीसगढ़ के दावेदार*
छत्तीसगढ़ में सीएम पद की चुनौती से निपटने के लिए कांग्रेस आलाकमान मल्लिकार्जुन खड़गे को पर्यवेक्षक बनाया है। यहां सीएम पद की रेस में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू और प्रतिपक्ष के नेता टीएस सिंहदेव का नाम चल रहा है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत का नाम भी सीएम पद के लिए लिया जा रहा है।
*मध्यप्रदेश के दावेदार*
मध्यप्रदेश में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का नाम सीएम के लिए लगभग तय है। इससे पहले यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिया जा रहा था। हालांकि, कल विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति कमलनाथ का नाम तय हुआ है और उस पर राहुल गांधी की मुहर बाकी है।
*ये हैं इन तीन राज्यों के नतीजे*
इन तीनों राज्यों में छत्तीसगढ़ को छोड़ दें तो कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस को 230 में 114 सीटों पर जीत मिली है, जबकि राजस्थान में 200 में 199 सीटों पर हुए चुनाव में 99 सीटें पार्टी की झोली में आई हैं। दोनों ही जगह पार्टी को सरकार बनाने के लिए बसपा और निर्दलियों का समर्थन मिल गया है। इस तरह कांग्रेस का दावा है कि उसके मध्यप्रदेश में 122 विधायकों और राजस्थान में 105 से ज्यादा विधायकों का समर्थन हासिल है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल की है।






