वेडिंग और ड्रोन से शूटिंग पर लगेगा शुल्क, बड़े बैनर फिल्मों के निर्माता-निर्देशकों को देना होंगे ज्यादा पैसे

-वेडिंग और ड्रोन से शूटिंग पर लगेगा शुल्क, बड़े बैनर फिल्मों के निर्माता-निर्देशकों को देना होंगे ज्यादा पैसे
महेश्वर. बॉलीवुड की शूटिंग पसंद लोकेशन बने निमाड़ के महेश्वर में प्रशासन ने नए नियम लागू कर दिए हैं। अब यहां फिल्म के निर्माता-निर्देशकों को शूटिंग के लिए पहले से ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। इसके अलावा प्री-वेडिंग शूटिंग करने या ड्रोन से या अन्य किसी भी तरह की शूटिंग के लिए भी शुल्क लिया जाएगा। महेश्वर के अलावा आसपास के मनोहारी जगहों पर भी शुल्क चुकाकर अनुमति लेने के बाद ही शूटिंग की जा सकेगी। इसका उद्देश्य सरकारी खजाने को राजस्व हासिल करना है। ये निर्णय जिला पर्यटन, पुरातत्व एवं संस्कृति समिति की मंगलवार शाम को जिला कलेक्टर कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया है।
नोडल अधिकारी बीएस सोलंकी ने बताया, बैठक में महेश्वर स्थित किला व घाट स्थलों को शूट करने व अन्य उद्देश्य के लिए शूटिंग दर निर्धारित की गई। वैसे भी, महेश्वर अब मात्र एक घाट और किले का द्वार नहीं है, बल्कि कई बड़ी फिल्मों के निर्माता-निर्देशक अपनी फिल्मों में महेश्वर व मां नर्मदा की सुंदरता दिखाने के लिए शूटिंग करने लगे हैं। यहां न सिर्फ प्री वेडिंग, टीवी सीरियल, वेब सीरीज बल्कि बड़े-बड़े बैनरों की फिल्में शूट की जाने लगी हैं।
50 साल पहले शुरू हुआ शूटिंग का सिलसिला
महेश्वर के दृश्यों की शूटिंग का सिलसिला 50 वर्ष पूर्व 1970 में महाशिवरात्रि नामक फिल्म से शुरू हुआ था। इसके बाद तुलसी, गौतमी पुत्र शतकर्णी, अशोका द ग्रेट, यमला पगला दीवाना, यमला पगला दीवाना-2, मणिकर्णिका, तेवर, जीनियस, पैडमैन, दबंग-3, कलंक समेत अन्य फिल्में व धारावाहिक सीरियलों की शूटिंग यहां की जा चुकी है।

2390 views