महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दी दोबारा लॉकडाउन लगाने की धमकी
मुंबई:
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सूबे में बढ़ रहे कोरोना वायरस के ग्राफ को देखते हुए दोबारा लॉकडाउन लगाने की धमकी दी है। मंगलवार को मंत्रियो के साथ हुई बैठक मैं उद्धव ठाकरे ने कोरोना के कारण हर जिले में फैल रहे संक्रमण के चलते उपजी परिस्थितियों का जायजा लिया। इस बैठक में उद्धव ने कोविड-19 और लॉकडाउन के नियमों को सख्ती से लागू करने के संकेत दिए। मुख्यमंत्री ने साथ ही उन इलाकों में टेस्टिंग और स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए जहां एक बार फिर कोरोना के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है।
‘नियमों का पालन करेंगे या लॉकडाउन लगा दिया जाए’
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी किए गए एक बयान में उद्धव ने सूबे की जनता से पूछा है कि जनता कोविड-19 नियमों का पालन करना चाहेगी या सूबे में दोबारा लॉकडाउन लगा दिया जाए। सीएमओ से जारी बयान में कहा गया है, ‘बहुत सारे लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। लोगों को लग रहा है कि कोरोना चला गया है। पुलिस और प्रशासन पर नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी है और जो लोग नियम नहीं मान रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रशासन उन लोगों की भी स्थिति की जानकारी ले जिन्हें पहले कोरोना हो चुका है।’






