सड़क पार कर रहे भालू को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
बैतूल। उत्तर वन मण्डल के बरेठा घाट पर बुधवार सुबह सड़क पार कर रहे 1 भालू को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के काफी देर बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रेंजर जीएस पवार के मुताबिक भालू सुबह 6.30 बजे बरेठा घाट पर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सम्भवतः बैतूल की ओर से आने वाले किसी बड़े वाहन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि भालू के जबड़े का हिस्सा दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया है। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रेंजर ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाशी के भी प्रयास किए जा रहे है। उल्लेखनीय है कि बरेठा घाट में हमेशा वन्य प्राणियों की चहलकदमी देखी जा सकती है, लेकिन वह विभाग ने सड़क पार करने के लिए कोई अंडर ब्रिज या अन्य व्यवस्था बनाने के प्रयास नहीं किये। यही वजह है कि सड़क पार करते हुए अब तक दर्जनों वन्य प्राणियों की असमय मौत हो चुकी है।







