सितंबर में बिजली की मांग ने तोड़ा रिकार्ड

सितंबर में बिजली की मांग ने तोड़ा रिकार्ड

-तीन हजार मैगावाट से ज्यादा मांग, एक दिन में छः करोड़ यूनिट आपूर्ति

इंदौर। कोविड के दौरान लगाई पाबंदियों में और छूट मिलने, कई जिलों में सिंचाई का काम प्रारंभ होने एवं तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा होने से बिजली की रिकार्ड मांग है। पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम मांग तीन हजार मैगावाट के पार हो गई। करीब छः करोड़ यूनिट बिजली की आपूर्ति की गई।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अमित तोमर ने बताया कि मांग के अनुरूप सभी जिलों में गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति की जा रही है। सितंबर में रिकार्ड मांग की स्थिति बनी हुई है। सितंबर माह में पहली बार पश्चिम क्षेत्र की अधिकतम मांग बढ़कर 8 तारीख को 3020 मैगावाट हो गई। गत वर्ष 8 सितंबर को अधिकतम मांग 2503 मैगावाट थी। यूनिट से तुलनात्मक देखा जाए तो पिछले वर्ष 8 सितंबर की तुलना में इस वर्ष 8 सितंबर को 1 करोड़ यूनिट की ज्यादा आपूर्ति की गई। प्रबंध निदेशक ने बताया कि तापमान ज्यादा होने से घरेलू, नई छूट मिलने से औद्योगिक/व्यापारिक इकाइयों में बिजली उपयोग बढ़ने एवं कई जिलों में सिंचाई के लिए मोटर की जरूरत से बिजली मांग तेजी से बढ़ी है। श्री तोमर ने बताया कि सिंचाई के लिए 10 घंटे एवं गैर सिंचाई के लिए 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली वितरण हो रहा है। श्री तोमर ने बताया कि सभी जिलों में आपूर्ति व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी तैनात है, कंपनी स्तर पर कार्यपालक निदेशक मानिटरिंग कर रहे हैं।

चौबीस घंटे में कहां कितनी आपूर्ति

इंदौर शहर 86 लाख यूनिट

इंदौर ग्रामीण 87 लाख यूनिट

खरगोन जिला 61 लाख यूनिट

उज्जैन जिला 55 लाख यूनिट

देवास जिला 48 लाख यूनिट


शिविरों में बिजली संबंधी ढाई हजार शिकायतों का समाधान

इंदौर। बिजली कंपनी राज्य शासन के निर्देशानुसार बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान कर रही है। इसके लिए सभी 15 जिलों में शिकायत निवारण शिविर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लगाए जा रहे है। 15 सितंबर तक यह कार्य सतत चलेगा।

मप्रपक्षेविविकं के मुख्य महाप्रबंधक श्री संतोष टैगोर ने बताया कि अब तक सभी जिलों में कुल 600 शिविर आयोजित हो चुके है। इनमें मुख्य रूप से बिल सुधार, वोल्टेज, नाम परिवर्तन, उपयोग परिवर्तन, लोड में परिवर्तन, ट्रांसफार्मर संबंधी कार्य आदि को लेकर शिकायतें मिल रही है। इनमें ढाई हजार शिकायतों का निराकरण हो चुका है, शेष का निराकरण कार्य जारी है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी क्षेत्र में कुल 1 हजार शिविरों का आयोजन होना है।

1207 views