गाय को लेकर तेंदुआ कुए में गिरा, दोनों की ही मौत देव कुण्डल

गाय को लेकर तेंदुआ कुए
में गिरा, दोनों की ही मौत
देव कुण्डल
बड़वानी। समीपस्थ ग्राम बोम्या में खेत के कुए में डूबने से तेंदुए की मौत हो गई। बड़वानी रेंजर जेपी मेहरा को शनिवार सुबह आदिवासी ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि कुए में तेंदुए की लाश तैर रही है। वन मंडलाधिकारी डॉ अनुपम शाह के नेतृत्व मे रेंजर मेहरा, एसडीओ जेएल मोहल और बीट प्रभारी वन रक्षक गजेन्द्र बामेनिया की टीम मौके पर पहुंची। कुए में खाट डालकर तेंदुए का शव बाहर निकाला। पशु चिकित्सक बघेल ने पोस्टमार्टम किया। बड़वानी में राजघाट डिपो में तेंदुए का अंतिम संस्कार किया। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को गाय को मुंह में दबाकर तेंदुआ भाग रहा था तभी बिना मुंडेर के कुए में गिर गया। कुए के आसपास फसल होने की वजह से तेंदुए को कुआ नजर नहीं आया। कुए में गिरने के बाद तेंदुआ गाय के नीचे दब गया था तो उपर भी न आ सका। शुक्रवार सुबह गाय का शव फूलकर उपर आया जिसे ग्रामीणों ने निकाल लिया था। आज सुबह उन्हें तेंदुए का शव दिखा। वनाधिकरी को जब सूचना दी तब वे झंडावंदन की तैयारी में जुटे थे। ध्वजारोहण के तुरंत बाद वन विभाग की टीम बड़वानी से 5 किमी दूर ग्राम बोम्या पहुंची।
उल्लेखनीय है कि आदिवासी अंचलों में कुए की पाल बनी नहीं होने से अक्सर हादसे होते रहते हैं।

1066 views