इंदौर जिले में 12 जुलाई से आने वाले प्रत्येक रविवार को लॉक डाउन के निर्देश जारी किए गए थे

*आज भी रहेगा लॉक डाउन*
*लॉक डाउन का पालन सुनिश्चित कराने प्रशासनिक अमला रहेगा फील्ड पर मौजूद*

इंदौर।इंदौर जिले में 12 जुलाई से आने वाले प्रत्येक रविवार को लॉक डाउन के निर्देश जारी किए गए थे। आज भी संपूर्ण जिले में लॉक डाउन रहेगा। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने 11 जुलाई 2020 को एक आदेश के तहत शहर में कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु 12 जुलाई से आगामी आदेश तक प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों जैसे पुलिस नगर निगम आदि को उनके क्षेत्र से संबंधित निगरानी का दायित्व सौंपा है अधिकारीगण फील्ड पर मौजूद रहकर लॉकडाउन का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने व्यापक जनहित में सभी नागरिकों से लॉकडाउन का पालन करने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि के कारण यह निर्णय लिया गया था कि रविवार के दिन 24 घंटे की अवधि में संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान बाजार, कार्यालय, अनाज, फल, सब्जी, मंडी, किराना आदि सभी दुकानें 24 घंटे के लिए बंद रहेंगी। सभी शहरवासी घरों में ही रहेंगे । मॉर्निंग वॉक, गाड़ी से बाहर आना-जाना आदि सभी प्रतिबंधित रहेगा।
केवल अत्यावश्यक सेवाएं जैसे दवाई की दुकान, अस्पताल, दवाई बनाने वाली मैन्युफैक्चरिंग इकाइयां आदि इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। रविवार के दिन घर-घर जाकर दूध वितरण का समय प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक तीन घण्टे का ही रहेगा तथा सायंकालीन दूध वितरण पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

1417 views