सिलावट से सवाल पूछने पर टोल की गई युवती के लिए कैंडल मार्च
महिला संगठनों ने मैदान में आकर किया सांकेतिक विरोध
इंदौर। प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री तुलसीराम सिलावट से सवाल पूछने के कारण भाजपाइयों के निशाने पर आई युवती के समर्थन में आज महिलाओं ने रीगल तिराहे पर कैंडल मार्च निकाला। नारी शक्ति संगठन के बैनर तले इन महिलाओं ने युवती को इंसाफ देने और उसके चरित्र हनन का प्रयास करने वाले भाजपाइयों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए आवाज उठाई।
भाजपा नेता की गुंडागर्दी का शिकार हुई ट्विंकल की माता रीता डोंगरे और नारी शक्ति मंच की मोनिका मांडवे के नेतृत्व में महिलाओं ने आज शाम रीगल तिराहे पर गांधी जी के चरणों में खड़े होकर मोमबत्ती जलाई और नारे लिखी तख्तियो का प्रदर्शन किया। इस मौके पर रीता डोंगरे ने कहा कि अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई की यह शुरुआत हुई है । अब हमें इस लड़ाई को तेजी से लड़ना है। प्रदेश के मंत्री सिलावट से प्रश्न पूछने वाली युवती उपासना शर्मा ने कहा कि मेरा चरित्र हनन किया गया। मुझ पर भद्दे कमेंट किए गए। मैंने जब पुलिस थाने में जाकर शिकायत की तो अब तक एफ आई आर दर्ज नहीं की गई है। आज मैंने डीआईजी को भी शिकायत कर दी है। अब मुझसे मेरे घर, परिवार और रिश्तेदारों के नाम पते पूछे जा रहे है।
इसके साथ ही उन्होंने स्टैंड फॉर डेमोक्रेसी अभियान शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से चलाया जाएगा। शहर के नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। जो व्यवहार मेरे साथ किया गया है वह व्यवहार किसी भी नारी के साथ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
1126 views





