रतलाम:परिवार घर में मौजूद और दो मकानों में खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुस गए चोर, बीती रात शहर की पॉश कॉलोनी में हुई वारदात
June 22, 2020
रतलाम,22 जून(खोजी खबर न्यूज़)/ शहर में बदमाशों ने फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया है. बीती रात शहर की पॉश कॉलोनी कस्तूरबा नगर क्षेत्र के दो मकानों में बदमाश खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुस गए . खास बात यह है कि दोनों मकानों में वारदात के समय परिवार घर में ही मौजूद था.
जानकारी के अनुसार पहली वारदात कस्तूरबा नगर गली न. 4 के पास रहने वाले समाजसेवी अमित पिता राजेंद्र कोठारी के यहां हुई. श्री कोठारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सोमवार की रात करीब 2:00 से 3:00 के मध्य चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. आगे के कमरे की खिड़की की ग्रिल को तोड़कर बदमाश घर में घुसे. बदमाशों ने घर में रखी अलमारियों को खोला और उनके लाकर भी तोड़ दिए. श्री कोठारी के अनुसार बदमाश लगभग 5 हजार रुपए और पासपोर्ट एवं अन्य जरूरी दस्तावेज साथ ले गए .श्री कोठारी ने बताया कि रात में उन्हें घर में आहट सुनाई दी. उठे तो उन्हें एक बदमाश की मोबाइल की रोशनी दिखाई दी. जिसके बाद उन्होंने सावधानी रखते हुए पास में रहने वाले अपने बड़े भाई को फोन किया . इस दौरान बदमाश पहली और ऊपरी मंजिल पर गए और सामानों को बिखेर दिया. जब श्री कोठारी के बड़े भाई वहां पहुंचे तो बदमाश गाड़ी की आवाज सुन भाग खड़े हुए .श्री कोठारी के अनुसार बदमाश एक कार की चाबी मौके पर ही छोड़ गए. घटना की सूचना श्री कोठारी ने पुलिस को दी.जिसके बाद सोमवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. वारदात के समय श्री कोठारी के माता-पिता सहित पूरा परिवार घर में ही मौजूद था.
1440 views





