मुंबई पहुंचने से पहले 50 किमी दक्षिण की ओर खिसका तूफान; शुक्र है जितने नुकसान की आशंका थी, उतना नहीं हुआ

मुंबई पहुंचने से पहले 50 किमी दक्षिण की ओर खिसका तूफान; शुक्र है जितने नुकसान की आशंका थी, उतना नहीं हुआ

मुंबई . कोरोना कैपिटल बन रही मुंबई के दक्षिण हिस्से को छूते हुए चक्रवाती तूफान निसर्ग गुजर गया। मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, हवाओं की रफ्तार 100 किमी प्रतिघंटा से ऊपर पहुंच गई। सीसीआई नरीमन प्वाइंट, कफ परेड, कांदिवली (पश्चिम), नागपाड़ा, भायखला और कालाचौकी जैसे कुछ इलाकों में पेड़ उखड़े, घरों की छत उड़ गई। शुक्र है, उतना नुकसान नहीं हुआ जितने की आशंका पहले जाहिर की जा रही थी।
कोलाबा स्थित मौसम विभाग के उप संचालक कुष्णानंद होसालीकर ने बताया कि मुंबई के समुद्र तट तक पहुंचने से पहले ही तूफान 50 किमी दक्षिण की ओर खिसक गया था। इस वजह से मुंबई को चक्रवाती तूफान से उतना नुकसान नहीं हुआ, जितना होने की आशंका जाहिर की जा रही थी। भौगोलिक स्थिति की वजह से आज तक मुंबई से एक भी चक्रवाती तूफान नहीं टकराया है।
यह तस्वीर मुंबई के मरीन ड्राइव की है। निसर्ग तूफान की वजह से समुद्र में छह फीट तक लहरें उठने का अलर्ट था। इसलिए लोगों की एंट्री बैन कर दी गई।
रविवार से ही मुकाबले की तैयारी शुरू कर दी गई थी
मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कहा- चक्रवाती तूफान के आने की घटना हमारे लिए चौंकाने वाली थी, क्योंकि 1891 के बाद से मुंबई ने कभी भी चक्रवाती तूफान के संकट का सामना नहीं किया है। हमने तय किया कि हम इसका मुकाबला करेंगे। रविवार की रात से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी।
चहल ने बताया कि सोमवार को कोस्टल एरिया, लो-लाइन एरिया और स्लम एरिया से लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना हमारा पहला लक्ष्य था। इसके अलावा चक्रवाती तूफान की वजह से एक भी व्यक्ति की जान न जाए। यह हमारा प्रयास रहा। मुंबई के समुद्र तट और निचले इलाके के करीब 30 हजार लोग खुद ही सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। जबकि करीब 10 हजार लोगों को मनपा ने सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया था।
महापौर किशोरी पेडणेकर गिरगांव पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से समुद्र तट पर नहीं जाने की अपील की।
कुलाबा में 24 घंटे में 71.85 मिमी बारिश
मुंबई मेसोनेट ऑब्जर्वेशन के लाइव डेटा के मुताबिक, दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में पिछले 24 घंटे में 71.85 मिमी बारिश दर्ज हुई है। पिछले 12 घंटे में नरीमन प्वाइंट, तारापोरवाला मत्स्यालय, ग्रांड रोड, नायर अस्पताल परिसर, हाजी अली, वरली, दादर, वडाला, कुर्ला, नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर इलाके में 20 से 40 मिमी के बीच बारिश हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *