*आगर के सभी अफसरों ने पासवर्ड बदले, श्री सेठ होंगे नए डीई*
उज्जैन । आगर में पूर्व में पदस्थ आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा गलत तरीकों से बिजली कम्पनी के पोर्टल पर टिप्पणी कर छवि धूमिल करने के प्रयास को बिजली वितरण कम्पनी ने गंभीरता से लिया है।
मप्रपक्षेविविकं उज्जैन के मुख्य अभियंता श्री पुनीत दुबे ने बताया कि मार्च तक आगर में आउट सोर्स पर पदस्थ रहे सतीश सोनी, कमलेश मालवीय, गोपाल राजपूत को संदेही मानकर आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कराया गया है। साथ ही कार्यालय प्रमुखों कार्यपालन यंत्री श्री एस.एस. भदौरिया, सहायक यंत्री प्रदीप दांगी की भी कर्तव्य में गंभीर लापरवाही मानकर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। श्री दुबे ने बताया कि आगर के कार्यपालन यंत्री का प्रभार सुसनेर के कार्यपालन यंत्री श्री अमरेश सेठ को सौंपा गया है। आगर जिले में स्थित बिजली के सभी 14 कार्यालयों के लॉगिंग, पासवर्ड की प्रक्रिया पूरी तरह बदल दी गई है। श्री दुबे ने आगर के अधीक्षण यंत्री को सभी कार्यालयों में होने वाले कार्यों की प्रतिदिन सघन मानिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।






