*मंत्री श्री सिलावट ने की पीएचई, पीडब्ल्यूडी और एनवीडीए की समीक्षा*
इन्दौर 15 मई 2020
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज इंदौर में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पृथक पृथक बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई की अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं प्रारंभ की गई है। वर्तमान परिस्थितियों में काम रुका हुआ है। आने वाले समय में सभी काम गति के साथ प्रारंभ हो, इसके लिए तैयारी करके रखी जाए। मंत्री श्री सिलावट ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ग्रीष्मकाल में ग्रामीण अंचल में पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल और हैंडपंप की ख़राबी की सूचना मिलते ही उन्हें दुरुस्त किया जाए। गांवों में पेयजल परिवहन की नौबत नहीं आनी चाहिए। मंत्री श्री सिलावट ने इंदौर ज़िले और विशेष तौर पर सांवेर क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न मार्ग निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्माण कार्यों की अनुमति होती है, कार्य तेज़ी से पूर्ण किए जाएं।






