*वर्तमान स्थिति को लेकर कलेक्टर ने बुलाई जनप्रतिनिधियों की बैठक– लिए सुझाव*
आज शाम 5 बजे इंदौर की रेसीडेंसी कोठी पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की एक आवश्यक बैठक जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई l बैठक में कोरोना वायरस से मुकाबला करने में जनता को आ रही कठिनाइयों के संबंध में विस्तृत रूप से चर्चा की गई l आज की इस बैठक में जिला प्रशासन की ओर से जिला कलेक्टर श्री मनीष सिंह , डीआईजी श्रीहरिनारायण चारी मिश्र , नगर निगम कमिश्नर आशीष सिंह , इंदौर के सांसद शंकर लालवानी , भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय , भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे , भाजपा नगर अध्यक्ष श्री गोपीकृष्ण नेमा , भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुदर्शन गुप्ता , भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया , रमेश मेंदोला , आकाश विजयवर्गीय, भाजपा नेता मधु वर्मा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी गण उपस्थित थे l उन्होंने भविष्य की तैयारी के लिए भी विस्तृत रूप से चर्चा की l मीटिंग लगभग डेढ़ घंटे तक चली l बैठक में श्री विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर में लॉक डाउन को लेकर और सख्ती किए जाने की जरूरत है। वही वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी मोघे ने कहा कि विभिन्न हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की अच्छी तरह देखभाल होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक रेड जोन हॉस्पिटल में एक एक प्रशासनिक अधिकारी को नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि इंदौर में कई कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो जाने के बाद भी उनके घर के अन्य सदस्यों को कोरनटाइन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता देवकृष्ण सांखला की बहन का पिछले दिनों निधन हुआ था बाद में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई लेकिन परिवार के अन्य लोगों की जांच नहीं की गई।आज उनका भी निधन ही गया । हो सकता है उनकी भी मौत कोरोना से ही हुई हो। श्री मोघे ने कहा कि इंदौर के चोइथराम हॉस्पिटल में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के ब्लड ट्रांसफ्यूजन की इकाई को बंद नहीं किया जाना चाहिए वही श्री मोघे ने कलेक्टर मनीष सिंह को सुझाव दिया कि इंदौर में खाद्य सामग्री वितरण की सूची तैयार की जाए जिससे लोग संग्रहं नही करें । श्री मोघे ने कहा कि गरीब और बीपीएल कार्डधारियों के लिए कंट्रोल की दुकानों को खोला जाना चाहिए। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष गोपी नेमा ने सुझाव दिया कि शहर में लॉक डाउन के दौरान आवश्यक खाद्य सामग्री की वितरण व्यवस्था को सुधारा जाना चाहिए।






