नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सर्वदलीय बैठक की।

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सर्वदलीय बैठक की। बैठक में पीएम मोदी ने देश में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए। पीएम ने इस दौरान कहा कि वह 11 अप्रैल को फिर से सभी राज्यों के सीएम से बात करेंगे।  सांसदों के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश में स्थिति ‘सामाजिक आपातकाल’ के समान है इसके लिए कड़े फैसलों की जरूरत है और हमें सतर्क रहना चाहिए। राज्यों, जिला प्रशासन और विशेषज्ञों ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया है।

वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई बैठक में उन्होंने अपने शब्दों में कहा कि जितनी जानकारी और जितने सुझाव उनके पास आ रहे हैं, वो अभी इस तरफ दर्शा रहे हैं कि देशहित में अभी लॉकडाउन को आगे जारी रखना चाहिए। सोशल डिस्टेंसिंग की वजह से ही कहीं न कहीं हम लोग इस बीमारी को इतने बड़े देश में सीमित रख पाए हैं। उनकी बातों से कहीं न कहीं ये आभास हुआ है कि शायद इस लॉकडाउन को आगे जारी रखने का फैसला सरकार ले सकती है।
बीजेडी के पिनाकी मिश्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि बीजेडी सांसद पिनाकी मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये साफ किया है कि 14 अप्रैल के बाद एक साथ लॉकडाउन नहीं हटाया जाएगा। मिश्रा के मुताबिक प्रधानमंत्री का कहना है कि प्री-कोरोना और पोस्ट-कोरोना की जिंदगी एक समान नहीं होने वाली।

80 फीसद से अधिक राजनीतिक दल चाहते है लॉकडाउन आगे बढ़े
सर्वदलीय बैठक के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नवी आजाद ने कहा कि 80 फीसद से अधिक राजनीतिक दलों ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें लोगों से जानकारी मिल रही है कि वे लॉकडाउन को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय सीएम और अन्य लोगों के साथ बैठक के बाद लिया जाएगा।
कोविड-19 के कारण अब तक देश में 149 लोगों की मौत हो चुकी है। पीएम की बैठक में कांग्रेस समेत लगभग सभी विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया। पीएम ने इस बैठक में सरकार द्वारा कोरोना संकट से निपटने के कार्यों की जानकारी दी और नेताओं से राय मांगी।
कई राज्यों ने की थी लॉकडाउन बढ़ाने की अपील 
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लॉकडाउन बढ़ाने का आग्रह किया था । माना जा रहा है कि अब पीएम मोदी देश के सीएम के साथ एक अन्य बैठक के बाद के बाद लॉकडाउन पर कोई फैसला ले सकते हैं। 
यूपी के 15 जिले सील
लॉकडाउन के बीच एक बड़ी खबर यूपी से भी आ रही है। यूपी सरकार राज्य के 15 जिलों को सील करेगी। इस दौरान इन जिलों में सिर्फ होम डिलीवरी और मेडिकल टीमों को ही आवाजाही की अनुमति मिलेगी। राज्य के मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि यूपी सरकार की तरफ से ये फैसला कम्यूनिटी स्प्रेड को रोकने के लिए लिया गया है।
जिन जिलों के लिए ये फैसला लिया गया है, वो हैं- लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, वाराणसी,शामली, मेरठ, बरेली, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महाराजगंज, सीतापुर, सहारनपुर. इन शहरों में कोरोना के ज्यादा पॉजिटिव केस आए हैं। जिसमें ज्यादा मामले नोएडा से हैं।

1636 views