डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना

*डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना*
*- ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ 24-25 फरवरी को भारत आ रहे हैं*
*- बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर*
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर कांग्रेस के पूर्व महासचिव दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा है कि, ‘अब देखते हैं मोदी जी के परम मित्र डोनाल्ड ट्रंप जी क्या शिक्षा देकर जाते हैं. भारत की अर्थ नीतियों का तो वे विरोध कर चुके हैं.’
उल्लेखनीय है कि ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ 24-25 फरवरी को भारत यात्रा पर आ रहे हैं. ट्रंप और उनकी पत्नी एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 24 फरवरी की दोपहर अहमदाबाद पहुंचेंगे. ट्रंप की बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे. राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा के लिए रवाना होने से पहले ट्रंप अहमदाबाद से आगरा की यात्रा पर जाएंगे.
*रैली में बोले थे ट्रंप*
भारत से व्यापार पर करेंगे बात इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ऊंचे शुल्क के साथ भारत कई सालों से अमेरिका के व्यापार को ‘बुरी तरह प्रभावित’ कर रहा है. अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान वह इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे. ट्रंप ने गुरुवार को कोलराडो में ‘कीप अमेरिका ग्रेट’ रैली में कहा था, ‘मैं अगले हफ्ते भारत जा रहा हूं और हम व्यापार पर बात करने वाले हैं. वे हमें कई सालों से बहुत बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं. ट्रंप ने अपने हजारों समर्थकों के सामने कहा था कि वह ‘वास्तव में’ मोदी को ‘पसंद’ करते हैं और वे आपस में व्यापार पर बातचीत करेंगे.
*प्रमुख चौराहों को आकर्षक बनाया जाएगा*
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत के लिए भारत में तैयारियां जोरों पर हैं. इसके तहत दिल्ली में प्रमुख स्थानों को कई रंगों वाले संकर डहेलिया और ट्यूलिप समेत कई रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक अधिकारी के अनुसार प्रमुख चौराहों समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों को भी फूलों से आकर्षक बनाया जाएगा. एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि, ‘सभी महत्वपूर्ण मौकों के लिए हम एनडीएमसी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर रंग-बिरंगे फूलों को लगाएंगे. हम गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत के लिए फूलों के बोर्ड लगाएंगे.’

1482 views