ग्रामीणों से बिल राशि प्राप्ति एवं योजनाओं का प्रचार करेंगे सहज भुगतान सेवा वाहन –

ग्रामीणों से बिल राशि प्राप्ति एवं योजनाओं का प्रचार करेंगे सहज भुगतान सेवा वाहन

-मप्रपक्षेविविकं के सजेधजे रथनुमा वाहन शुरू

-चलित शिविर की तरह काम होगा

इंदौर। मप्रपक्षेविविकं ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह के निर्देशानुसार एवं प्रबंध निदेशक श्री विकास नरवाल के मार्गदर्शन में सहज भुगतान सेवा वाहन तैयार किए गए हैं। इन सजे धजे वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र से बिजली बिलों का भुगतान प्राप्त कर हाथोंहाथ कम्प्यूटराइज्ड रसीद प्रदान की जाएगी। इन वाहनों से इंदिरा गृह ज्योति योजना, इंदिरा किसान ज्य़ोति, कैशलेस भुगतान, बिजली समस्या समाधान के टोल फ्री नंबर 1912, जैसी शासकीय योजनाओं का प्रचार भी होगा। सहज भुगतान सेवा वाहन का पोलोग्राउंड में शुभारंभ कार्यपालक निदेशक श्री संजय मोहासे, अधीक्षण यंत्री श्री एनसी गुप्ता, कार्यपालन यंत्री इंदौर ग्रामीण श्री आनंद अहिरवार के साथ अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में गुरुवार दोपहर हरी झंडी दिखाकर किया गया। मप्रपक्षेविविकं ने ग्रामीणों से गांव, चौपाल, मोहल्लों में जाकर बिजली बिलों की रकम प्राप्त के लिए आकर्षक रथनुमा वाहन बनाए हैं। ये वाहन राशि प्राप्त कर कम्प्यूटराइज्ड रसीद देंगे, यानि भुगतान उसी समय बिजली खाते में जमा भी हो जाएगा। इन वाहनों से शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ ही बिजली चोरी न करने, बिजली संबंधी कार्यों के दौरान सावधानी रखने, काल सेंटर के कामकाज आदि की भी जानकारी दी जाएगी। कंपनी क्षेत्र में कुल 55 वाहन तैयार किए जा रहे हैं, पहला वाहन इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के लिए रवाना किया गया हैं। एक वाहन रोज तीन से पांच गांव पहुंचेगा, गांव में सहज भुगतान सेवा वाहन पहुंचने के एक दिन पहले सूचना दी जाएगी ,ताकि बिल भरने के लिए ग्रामीण पूर्व तैयारी कर ले। सहज भुगतान सेवा वाहन में बिजली कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो गांव वालों की बिजली संबंधी समस्या का समाधान भी चलित शिविर के रूप में करेंगे। वाहन ग्रामीण उपभोक्ताओं से फीडबैक भी लेगा।

1584 views